विधि-व्यवस्था को लेकर दिए दिशा-निर्देश
गिरिडीह / जमुआ: महाशिवरात्रि को लेकर झारखंड धाम मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह तत्पर नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, जमुआ प्रखंड विकास पदाधिकारी अमल, अंचल अधिकारी नरेश वर्मा और हीरोडीह थाना प्रभारी महेशचंद्रा ने मंदिर परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विधि- व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई तथा मंदिर परिसर के रखरखाव से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों और मंदिर समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन ने निर्देश दिया कि मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीसीटीवी निगरानी, समुचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई एवं अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी, ताकि महाशिवरात्रि का मेला श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो सके। मौके पर प्रबंधन समिति के सुभाष पंडा, नरेश पंडा, मनोज पंडा, किशोर पंडा और नकुल पंडा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
