रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को जिला समाहरणालय में स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, उपस्थिति, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई एवं आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने गोपनीय कार्यालय, नजारत, एनआईसी, विधि शाखा, स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, कोषागार कार्यालय, जन शिकायत कोषांग, अपर समाहर्ता कार्यालय, जिला भू अर्जन कार्यालय, आपूर्ति कार्यालय, अवर निबंधन कार्यालय, जिला कल्याण कार्यालय, जिला पंचायती राज कार्यालय एवं जिला समाज कल्याण कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उपायुक्त ने सभी कार्यालयों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन करते हुए समयपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अनावश्यक विलंब से बचने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यालयों में फाइलों का उचित रख-रखाव एवं अद्यतन अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जानकारी आमजन अथवा वरीय अधिकारियों को समय पर उपलब्ध कराई जा सके।
वहीं जन शिकायत कोषांग के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की तथा निर्देश दिया कि आमजनों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही उपायुक्त ने कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने, अनावश्यक भीड़-भाड़ से बचने और सुगम कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आमजनों के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करने की भी हिदायत दी ।
मौके पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता नजारत उप समाहर्ता संजीत कुमार, संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
