रामगढ़: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 का आयोजन कल तीन मई को किया जाएगा। परीक्षा के कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने शनिवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत और उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल भी शामिल रहे।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, विद्युत और सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, सुचिता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में अनुशासन और गोपनीयता सर्वोपरि है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सजग और सतर्क रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। जिससे परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो।
इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों के बाहर विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया। साथ ही प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।
नीट परीक्षा को लेकर एसपी ने बैठक में दिए दिशा-निर्देश

नीट परीक्षा 2026 को लेकर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में बैठक की। जिसमें उन्होंने जिला अंतर्गत बनाए गए तीन परीक्षा केंद्रों में प्रतिनियुक्त पुलिस अधिकारियों को कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
