• नेमरा में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा

• जल संवाद कार्यक्रम में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने गुरुवार को गोला प्रखंड का दौरा कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया।

दौरे के क्रम में उपायुक्त ने नेमरा में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को दिया।

इसके उपरांत उपायुक्त ने उपरबरगा पंचायत में आयोजित जल संवाद कार्यक्रम में विधायक रामगढ़ ममता देवी के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए, जबकि अन्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन हेतु चिन्हित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले कर्मियों के बीच प्रशस्ति पत्र का वितरण भी किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आकलन करने हेतु उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला, स्वास्थ्य उपकेंद्र सोनडिमरा तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र नेमरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित रूप से चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध रहें तथा मरीजों को
किसी प्रकार की असुविधा न हो।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने बरलंगा जलापूर्ति योजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के तहत चल रहे मरम्मती कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्य में तेजी लाने एवं जल्द से जल्द सुचारू जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता प्रभावित न हो।

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संचालित सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!