रामगढ़: भुरकुंडा कोयलांचल के रिवर साइड स्थित ऑफिसर्स क्लब में भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की 99वीं बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बलिराम यादव और संचालन प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने किया। बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी. सुरेंद्रन और विशिष्ट रूप में क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला शामिल रहे।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला ने कहा कि संपर्क, संवाद और समर्पण से ही संगठन मजबूत होता है। जिला कमेटी जितनी सक्षम होगी प्रदेश कमेटी उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने कहा कहा कि जिलों में नये कार्यकर्ता तैयार करें और लीडरशीप की क्षमता को और विकसित करें। राज्य के खूंटी जैसे अन्य जिले जहां संगठन नहीं है, वहां संगठन तैयार करें, जिन जिलों में संगठन कमजोर हैं वहां मजबूती के लिए काम करें। जिला मंत्री और अध्यक्ष पूरी टीम वर्क के साथ काम करें। संयम, परिश्रम और अनुशासन से सफलता निश्चित रूप से मिलेगी है।

इसके उपरांत बैठक के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों सहित लोगों को अंगवस्त्र और बैग लेकर सम्मानित किया गया। जिसमें सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष निर्गुण महतो, महामंत्री शशिभूषण सिंह, बरका-सयाल क्षेत्रीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र ओझा, सचिव शंभू प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष सुख-चैन सिंह, उपाध्यक्ष श्रीकांत गुप्ता, भुरकुंडा शाखा अध्यक्ष नौशाद आलम, सचिव अनिल पासवान, बिरसा सचिव संतोष पांडेय और हरिनाथ महतो सहित अन्य शामिल रहे।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष बलिराम महतो ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बैठक का समापन किया। उन्होंने भावी कार्यक्रम और बैठक में हुए सांगठनिक निर्णयों को साझा किया। इसके साथ ही अनुशासन के अनुपालन पर भी जोर दिया। उन्होंने बैठक के दौरान रखी गई श्रमिकों की प्रमुख समस्याओं पर ठोस पहल को लेकर भी आश्वस्त किया। प्रदेश ने बैठक के आयोजन में सहयोग के लिए सीसीएल बरका-सयाल प्रबंधन और सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ को धन्यवाद दिया।

महाप्रबंधक अजय सिंह को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
बैठक के उपरांत सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र के महाप्रबंधक अजय सिंह ऑफिसर्स क्लब पहुंचे। जहां उन्होंने भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान संघ की ओर से अंगवस्त्र देकर महाप्रबंधक को सम्मानित किया गया और सहयोग हेतु साधुवाद दिया गया।
भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने खबरसेल से विशेष बातचीत में कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने चार लेबर कोड में वेतन संहिता और सामाजिक सुरक्षा को पूर्ण समर्थन किया है। आईआर कोड और ओएसएच कोड में कुछ त्रुटियां हैं। जिसपर हमें घोर आपत्ति है और केंद्र सरकार से कानून में बदलाव कर विसंगतियों को दूर करने की मांग कर रहे है। चार लेबर कोड में ठेका पद्धति को न्यायबद्ध किया गया है, भारतीय मजदूर संघ इससे सहमत नहीं हैं, हम ठेका पद्धति का कतई समर्थन नहीं करते हैं। इसके अलावा चार लेबर कोड में यूनियन के अधिकारों पर प्रश्न खड़े किए गए हैं, जिससे भारतीय मजदूर संघ सहमत नहीं हैं। इस विसंगतियों को दूर करने के लिए केंद्र सरकार से मांग की जा रही है। हमें विश्वास है कि केंद्र सरकार कानून में बदलाव कर इस दिशा में जरूर पहल करेगी। |
बैठक में ये रहे शामिल
बैठक में बीसीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के महामंत्री सह कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड सदस्य उमेश सिंह, भवन निर्माण प्रदेश अध्यक्ष बृजकिशोर राम, सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष जेपी झा, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविंद्र मिश्रा, सीसीएल सेफ्टी बोर्ड सदस्य विशाल कुमार, हजारीबाग जिला महामंत्री माया देवी, शिवा कुमार, दिलीप कुमार, संजय कुमार सहित अन्य शामिल रहे।

