| NDPS Act के तहत केस दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजे गए |
रामगढ़: पतरातु पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बुधवार की सुबह एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान 9.57 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
मामले का खुलासा करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता सशस्त्र बल के साथ नालंदा नर्सिंग होम स्कूल के सामने रेलवे स्टेशन रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन की ओर से आ रही हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक संख्या JH24K-4124 को रोका गया।
बाइक पर उचरिंगा गंझू टोला निवासी विक्की कुमार सिंह (25 वर्ष) और दीपक सिंह (27 वर्ष) सवार थे। तलाशी के क्रम में पुलिस ने दीपक सिंह के हाव-भाव संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई। उसके पैंट की जेब से एल्युमिनियम फ्वाईल में लिपटा 9.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। जिसपर दोनों को हिरासत में ले लिया गया। ब्राउन शुगर के साथ बाइक और 340 रुपये जब्त किए गए।
वहीं पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने ड्रग्स सप्लायर अर्जुन कुमार महतो, 28 वर्ष, निवासी चेटमा हरीहरपुर, थाना बासल को भी गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी रामगढ़ जिले के ही रहने वाले हैं।
मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 123/2026, दिनांक 21.05.2026 के तहत धारा 17(b)/21(b)/27(B) NDPS Act में केस दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक उपेन्द्र कुमार, मो. अफजल हुसैन, सहायक अवर निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह, आरक्षी प्रकाश यादव व मोकिम अंसारी शामिल थे।
