रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार के दौरान आमजनों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया गया। इस क्रम में रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत लोलो बस्ती क्षेत्र के निवासी दिव्यांग जलेश्वर महतो ने आवागमन में हो रही कठिनाइयों से अवगत कराते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
उपायुक्त ऋतुराज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्देश के आलोक में जलेश्वर महतो को जनता दरबार में ही ऑन द स्पॉट व्हीलचेयर उपलब्ध कराया गया।
व्हीलचेयर मिलने पर जलेश्वर महतो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें दैनिक कार्यों एवं आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी तथा वे अधिक आत्मनिर्भर महसूस करेंगे।
वहीं उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जरूरतमंद और दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से पहुंचाना है। जनता दरबार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है, जहां बिना अनावश्यक विलंब के लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
