हजारीबाग: नगर निगम के वार्ड संख्या 3 स्थित अवधपुरी कॉलोनी में शनिवार को विधायक प्रदीप प्रसाद ने विधायक निधि से निर्मित पीसीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि लंबे समय से कॉलोनीवासी सड़क और जलनिकासी की समस्या से परेशान थे। नए निर्माण से आवागमन सुगम होगा और बरसात में जलजमाव से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा विधायक निधि जनता की प्राथमिकताओं पर ही खर्च होगी। वहीं उन्होंने स्वच्छता और जलनिकासी पर विशेष ध्यान देने की बात कही और लोगों से समस्याओं पर सीधे उनसे संपर्क करने की भी अपील की। उद्घाटन के बाद विधायक ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और आगे के सुधार कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने विधायक का अभिनंदन किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद विजय प्रसाद, पूर्व पार्षद बॉबी कुशवाहा, वासुदेव गोप, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, कंसार मुखिया रामकुमार मेहता, कंचनपुर मुखिया प्रतिनिधि अशोक राणा, महेश कुशवाहा, रंजन गोप, सुनील राणा, अनिल कुशवाहा, राजेश गोप, कुमार सौरभ, राजू राणा, भजन साव, चंदन सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।
