रामगढ़: आगामी बकरीद पर्व के मद्देनजर समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी उपस्थिति रहे।बैठक के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम सभी को आगामी बकरीद पर्व की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सुझाव आमंत्रित किए।
बैठक के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन और विधि-व्यवस्था के संधारण हेतु गई तैयारियों की जानकारी ली। जिसके उपरांत उन्होंने सभी को पर्व के दौरान सतर्क रहकर अपने अपने क्षेत्रों में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पीसीआर एवं पैंथर की टीम को संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की अफवाह सामने आने पर त्वरित इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को देने और आवश्यक कार्यवाही करने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
इस दौरान उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को पूरे पर्व के दौरान अलर्ट मोड पर रहकर कार्य करने का निर्देश दिया। पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के मद्देनजर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के द्वारा प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी, उपयोग आदि पर पर विशेष ध्यान देने सहित आवश्यक कार्रवाई निर्देश दिए गए। वहीं उपायुक्त ने अधिकारियों को सोशल मीडिया एवं विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप पर नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के द्वारा सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर संप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है तो उसपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
