| नार्कोटिक्स डिपार्टमेंट की कार्रवाई, ट्रेन के एसी कोच से गांजा बरामद |
रामगढ़: बरकाकाना स्टेशन पर रविवार की रात नार्कोटिक्स विभाग ने टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन से तकरीबन 88 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। साथ ही गांजा तस्करी में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ट्रेन के एसी कोच B-4 में ट्राली बैगों के अंदर भूरे पैकेट में गांजा छिपाकर रखा गया था।
मिली जानकारी के अनुसार नार्कोटिक्स डिपार्टमेंट रांची जोन ने गुप्त सूचना के आधार पर बरकाकाना जीआरपी और आरपीएफ के सहयोग से बरकाकाना स्टेशन पहुंची टाटा-जम्मूतवी ट्रेन में छापेमारी की। इस क्रम में तीन लोगों के ट्राली बैग चेक किए गए। जिससे भारी मात्रा में गांजा की बरामदगी हुई। नार्कोटिक्स विभाग की टीम अभियुक्तों को गिरफ्तार कर रांची ले गई है। छापेमारी में जीआरपी प्रभारी मो. समीम अंसारी और आरपीएफ के के. सिंह समेत अन्य जवान शामिल थे।
