• एक ऑटोमैटिक पिस्टल, चार कारतूस, तीन मोबाइल और पर्चा बरामद
रांची: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के स्टेट चीफ अमृत सोरों उर्फ मैचो उर्फ सूर्या को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस ने एक ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल और संगठन का पर्चा बरामद किया है। कुख्यात अमृत होरो पर 10 लाख का इनाम है और उसपर 50 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह मूल रूप से रांची जिला अंतर्गत लापुंग थाना क्षेत्र के सिरमटोली का रहनेवाला है।
एसएसपी राकेश रंजन ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि 28 मई की शाम गुप्त सूचना मिली कि अमृत होरो अपने कुछ साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना पर अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर अमृत होरो को गिरफ्तार किया। उसके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए। एसएसपी ने बताया कि अमृत होरो पीएलएफआई संगठन को संचालित कर रहा था। इसकी गिरफ्तारी पीएलएफआई के ताबूत में आखिरी कील है।
छापेमारी अभियान में एसपी ग्रामीण गौरव गोस्वामी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेड़ो दीपक कुमार, लापुंग थाना प्रभारी गोविंद कुमार सदलबल शामिल रहे।
