उपायुक्त ऋतुराज ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

• अस्पताल में व्याप्त अनियमितता और लापरवाही पर जताई गहरी नाराजगी

• एक सप्ताह के अंदर सुधार करने का निर्देश 

रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने शनिवार को सदर अस्पताल रामगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, ओपीडी, वार्ड, पंजीयन काउंटर, दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न इकाइयों का विस्तृत जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण क्रम में अस्पताल में साफ-सफाई की कमी, मरीजों को हो रही असुविधा और विभिन्न सेवाओं के लिए किए जा रहे भुगतान की समुचित और पारदर्शी लेखांकन व्यवस्था में अनियमितताएं पाई गईं। इस पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सदर अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए।

इसके अलावा उपायुक्त को एक बीपीएल मरीज ने पंजीयन काउंटर पर ₹5 की अवैध मांग किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई, जिसे उपायुक्त द्वारा तत्काल संज्ञान में लेते हुए जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पंजीयन कर्मी के विरुद्ध जांच कमेटी गठित कर कार्रवाई का निर्देश उपायुक्त के द्वारा दिया गया। जांच कमेटी के सुझाव के आधार पर इस संबंध में आगे की कार्यवाई की जाएगी।

इसके साथ ही उपायुक्त ने एबीडीएम(आधार बेस्ड डिजीटल मोनिटरिंग) कार्यों का जायजा लेने के क्रम में कार्य काफी धीमी गति से होना सामने आया जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं उपायुक्त ने सदर अस्पताल स्थित विभिन्न सेवाओं, डेंटल ओपीडी, आई ओपीडी आदि का जायजा लिया जहां पर साफ सफाई की कमी एवं चीजे अस्त-व्यस्त पाई गई। जिस पर उपायुक्त ने इस लापरवाही के मद्देनज़र सदर अस्पताल रामगढ़ के सभी चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मियों का वेतन अगले आदेश तक के लिए स्थगित करने का निर्देश दिया। साथ ही एक सप्ताह अंदर अस्पताल की व्यवस्था, अनुशासन, साफ-सफाई, सेवा गुणवत्ता और वित्तीय पारदर्शिता में ठोस सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल में साफ-सफाई की कमी, मरीजों को हो रही असुविधा तथा भुगतान संबंधी अनियमितताओं को लेकर उपायुक्त ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को स्पष्टीकरण देने का भी आदेश दिया।

इसके अलावा निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री रखरखाव योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत हो रहे कार्यों की भी समीक्षा की और लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सरलता पूर्वक पहुंचने का निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने सदर अस्पताल रामगढ़ से बिना किसी वैध कारण के मरीजों को रेफर करने से संबंधित मामले प्रकाश में आने पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात भी कही।

By Admin

error: Content is protected !!