रामगढ़: मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण माहौल में आयोजन को लेकर गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च रामगढ़ शहर और चितरपुर में विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने किया। उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, संबंधित क्षेत्र के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
इस दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क सजग है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को देने का आग्रह किया है। वहीं फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
