रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर देर रात कोयला लदे ट्रक ने सवारी वाहन को चपेट में ले लिया। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी लोग बैंज बाजा (ताशा पार्टी) से जुड़े थे और काम से बलसागरा (मांडू) जा रहे थे। दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बलसगरा कदो लोग सवारी वाहन लेकर मारंगमर्चा गांव पहुंचे थे। जहां से ताशा पार्टी के छह अन्य लोगों को बाजे-गाजे के साथ लेकर वापस बलसगरा जा रहे थे। इस क्रम में लारी-बारलौंग के निकट एक कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान सवारी वाहन को चपेट में ले लिया। जिससे सवारी वाहन पर सवार सात लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। वहीं हादसे से अफरातफरी का माहौल बन गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पर पहुंची ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है। सभी मृतकों की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दु:ख प्रकट किया है। “एक्स” हैंडल पर उन्होंने कहा है कि “रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास सड़क हादसे में कल देर रात 7 लोगों के मरने की दुःखद खबर से मन व्यथित है। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।”
