बुढ़मू (रांची): ठाकुरगांव थाना क्षेत्र स्थित बगदा घाटी में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बुढ़मू थाना क्षेत्र के बाड़े गांव निवासी नारायण सिंह अपनी पत्नी प्रिया कुमारी और दो बच्चों के साथ पल्सर बाइक से पतरातू थाना क्षेत्र के साकुल गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। इस क्रम में बगदा घाटी में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में नारायण सिंह और प्रिया कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस ने मृतक दंपति के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। वहीं, घायल दोनों बच्चों को इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
