गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी थाना अंतर्गत गिद्दी ‘सी’ में रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को चपेट में ले लिया। जिससे बाइक पर सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आनन-फानन में सीसीएल अस्पताल गिद्दी ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड रामगढ़ में कार्यरत मिश्राइनमोढ़ा निवासी सोधन बेदिया और देवनारायण बेदिया पैशन प्रो बाइक (JH 24E 9328) पर अहले सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। इस क्रम में गिद्दी से गिद्दी ‘सी’ वाशरी की ओर आते तेज रफ्तार हाइवा (JH 02 BQ 5854) ने बाइक को चपेट में लिया। दुर्घटना में सोधन बेदिया बाइक समेत हाइवा के नीचे फंस गए, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि देवनारायण बेदिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दोनों पैर बुरी तरह से चोटिल हो गए। आनन-फानन में उन्हें गिद्दी सी अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
इधर, मामले की सूचना पर गिद्दी पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं हादसे की जानकारी पर मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। काफी मशक्कत के बाद हाइवा के नीचे से मृतक और बाइक को बाहर निकाला गया। दुर्घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। खबर लिखे जाने तक शव का उठाव नहीं किया जा सका है। लोग मुआवजे की मांग पर अड़ गए हैं और वाहन मालिक और ट्रांसपोर्टर को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे हैं।
