लूटे गए गहने, हथियार और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त
रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड में रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांड के मुख्य अभियुक्त शमशेर आलम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास लूट गए सोना-चांदी के गहने और डकैती में प्रयुक्त हथियार और बाइक बरामद किए गए हैं। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास बताया जाता है।
इस संबंध में सोमवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि बीते 21 अप्रैल को 15:40 बजे चितरपुर रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में डकैती की घटना घटित हुई थी। इस संबंध में रजरप्पा थाना कांड अंकित किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए काण्ड के त्वरित उभेदन हेतु पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के द्वारा अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा काण्ड में बचे शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापामारी अभियान चलाया जा रहा था।
इस क्रम में रविवार को को कांड के प्राथमिकी अभियुक्त शमशेर आलम पिता स्व. लतीफुल रहमान, ग्राम फुलसराय, थाना रामगढ़ निवासी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का 01 अदद पिस्टल, दो मैंगजीन एवं 7.65 एमएम का 02 अदद जिंदा कारतुस, बिना नम्बर प्लेट का एक अपाची मोटरसाईकिल तथा घर में छिपाकर रखा गया अनुमानतः सोने का 22 आभूषण (कुल वजन करीब 370 ग्राम) और चांदी के 09 आभूषण (कुल वजन लगभग 160 ग्राम) बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त शमशेर आलम के विरूद्ध रामगढ़ सहित विभिन्न जिलों में मिलकर कुल 29 अपराधिक मामले दर्ज है। अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
