| टीबी मुक्त भारत अभियान |
• 173 निक्षय मित्रों ने जुटाए 11 लाख 6 हज़ार रुपये
• टीबी के जरूरतमंद मरीजों को दी गई पोषण पोटली
रामगढ़: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय विशेष अभियान के सफल समापन के उपरांत मंगलवार को टाउन हॉल, रामगढ़ में “निक्षय मित्र सम्मान सह पोषण पोटली वितरण समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी उन्मूलन के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता को प्रोत्साहित करना, निक्षय मित्रों को सम्मानित करना तथा टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम में विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, विधायक मांडू निर्मल महतो, उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज, डीएलओ डॉ. तूलिका रानी, डीआरसीएचओ डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग राजीव जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि रामगढ़ कमलेश कुमार महतो सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, निक्षय मित्र और बड़ी संख्या में टीबी मरीज और उनके परिजन शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि रामगढ़ जिले में कुल 173 निक्षय मित्रों द्वारा लगभग 11 लाख 6 हज़ार रुपये की सहायता राशि एकत्रित की गई है। इस राशि से टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनके उपचार के साथ-साथ पोषण संबंधी आवश्यकताओं की भी पूर्ति हो सके। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े निक्षय मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटलियों का वितरण भी किया गया।

टीबी उन्मूलन सामाजिक जिम्मेदारी: रोशन लाल चौधरी
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि टीबी केवल स्वास्थ्य विभाग की चुनौती नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निक्षय मित्र बनकर समाज के लोगों ने यह सिद्ध किया है कि जनसहभागिता के माध्यम से किसी भी बड़ी चुनौती का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, उद्योगों, संस्थानों एवं सक्षम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में निक्षय मित्र बनने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग किसी मरीज के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने टीबी मरीजों से नियमित दवा लेने, चिकित्सकों के परामर्श का पालन करने एवं किसी भी प्रकार की सामाजिक झिझक से बाहर निकलकर उपचार पूरा करने का आग्रह किया।

सही उपचार से समाप्त होता है टीबी : निर्मल महतो
विधायक निर्मल महतो ने कहा कि टीबी एक पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है और समय पर जांच एवं नियमित उपचार से इसे पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मरीजों को निःशुल्क जांच, दवा एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ सभी पात्र मरीजों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने निक्षय मित्रों की सराहना करते हुए कहा कि उनका सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से अभियान से जुड़कर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। मौके पर उन्होंने पांच टीबी मरीजों को गोद लेने की घोषणा की।

निक्षय मित्रों ने बढ़ाया जिले का गौरव : ऋतुराज
उपायुक्त ऋतुराज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए रामगढ़ जिला पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 100 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान जिले में व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग, जांच, उपचार एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि 173 निक्षय मित्रों द्वारा लगभग 11 लाख 6 हज़ार रुपये की सहायता राशि एकत्रित किया जाना रामगढ़ जिले के लिए गर्व का विषय है। यह समाज की संवेदनशीलता एवं जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सभी निक्षय मित्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध होगा, जिससे उनके शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य केवल मरीजों का उपचार करना नहीं, बल्कि टीबी के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर कर प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या अन्य टीबी संबंधी लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं तथा समय पर उपचार शुरू करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, निक्षय मित्रों, स्वास्थ्य विभाग एवं आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से रामगढ़ जिला शीघ्र ही टीबी मुक्त जिला बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, निक्षय मित्रों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।
| प्रशासन की अपील – आप भी बनें निक्षय मित्र
रामगढ़ जिले में अभी तक कुल 173 निक्षय मित्र बनाए गए हैं, निक्षय मित्रों के द्वारा सहयोग राशि के रूप मे बैंक खाता ‘निक्षय मित्र, खाता संख्या – 043301003126 IFSC Code – ICIC0000433 मे 11 लाख 6 हजार की सहयोग राशि एकत्रित की गयी है, जिसके द्वारा जिले के अंतर्गत सभी टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया जाएगा। जिले की जनता से अपील है की बढ़ चढ़ कर आगे आयें, निक्षय मित्र बने और रामगढ़ को टीबी मुक्त बनाने मे सहयोग करें। |
