रांची: बुढ़मू प्रखंड अंतर्गत ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के मंदना टोली में रविवार की रात चोरों ने एक मकान में चोरी की घटना अंजाम दिया है। चोरों ने नकदी और जेवरात समेत करीब साढ़े 8 लाख रुपये के सामान चोरी की है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह हुई, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने मंदना टोली निवासी बैद्यनाथ उर्फ बैजू यादव के घर को अपना निशाना बनाया। घटना वाले दिन शाम को बैजू अपनी पत्नी और बच्चों को लेने ससुराल गए थे। घर में उस समय उनके पिता, मां और छोटा भाई अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। अपराधी घर के पिछले दरवाजे की कुंदी तोड़कर अंदर घुसे। अंदर घुसने के बाद उन्होंने सभी कमरों को बाहर से बंद कर दिया। बैजू का कमरा खुला था। चोरों ने उसी कमरे में रखी अलमारी और बड़े बक्से को तोड़कर उसमें रखे करीब 3.50 लाख रुपये नकद और लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए।

सोमवार सुबह जब बैजू के पिता और भाई विश्वनाथ जागे तो उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया। विश्वनाथ ने बगल में रहने वाले चाचा महेंद्र गोप को फोन कर बुलाया। महेंद्र गोप ने बाहर से ताला खोला, तब परिवार बाहर निकला और चोरी का पता चला।

चोरु की सूचना मिलते ही ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, तकनीकी साक्ष्य जुटाने वाली टीम और स्निफर डॉग को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इधर, घटना के बाद पीड़ित परिवार के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों में भी भय का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

By Admin

error: Content is protected !!