भुरकुंडा (रामगढ़): सौंदा डी पंचायत भवन में सोमवार को आयुष्मान आरोग्य और टीबी जांच शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जांचों का लाभ उठाया। शिविर के दौरान कुल 36 मरीजों का एक्स-रे, 18 मरीजों के बलगम परीक्षण किया गया। वहीं 54 लोगों के ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच भी की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को टीबी के लक्षण, समय पर जांच कराने और नियमित दवा लेने के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना या अन्य टीबी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। ग्रामीणों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को जनहित में उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की मांग की।
शिविर में सीएचओ ओलिविया कुजुर, एसटीएस जीतेन्द्र प्रसाद, इरशाद अहमद, विवेक कुमार भंडारी, पूनम कुमारी, सहिया दीदी पूजा देवी ने योगदान दिया। वहीं शिविर का सफल बनाने पंचायत मुखिया उपेंद्र शर्मा, पंचायत समिति प्रतिनिधि डब्लू पाण्डेय, पंचायत सचिव खुशबू रानी, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि अरविंद ओझा, संजय कुमार का विशेष योगदान रहा।
