हजारीबाग: कटकमसांडी प्रखंड के धरहरा में सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह सरपंच प्रदीप मिश्रा ने हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद से आत्मीय भेंट की। इस दौरान क्षेत्रीय विकास, संगठन और सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। भेंट के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने प्रदीप मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी का अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि प्रदीप मिश्रा शीघ्र ही विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर भाजपा परिवार का हिस्सा बनेंगे। उनके अनुभव और जनसेवा की भावना से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मिश्रा के जुड़ने से कटकमसांडी में संगठन का विस्तार होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भी प्रदीप मिश्रा के भाजपा में स्वागत पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अवसर पर विधायक प्रतिनिधि रामकुमार मेहता, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मुनेश ठाकुर, गदोखर मुखिया नारायण साव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
