रांची: राहे थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पारमडीह टुंगरीटोला गांव के पास जारागोड़ा की एक चट्टान पर युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान हैं। जिससे युवक की बेरहमी से हत्या की संभावना जताई जा रही है। मामले की सूचना पर राहे पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक के दाहिने हाथ पर ‘KM’ लिखा हुआ है। इसी निशान के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में युवक के अनगड़ा क्षेत्र का रहने वाला होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के थानों से लापता लोगों की सूची भी खंगाल रही है।
