मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन, CBI जांच और छात्रों पर दर्ज FIR वापसी की मांग
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली का मामला अब सियासी टकराव में बदल गया है। छात्रों पर दर्ज FIR और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में सांसदों, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
जिसमें आंदोलन के दौरान और बाद में राज्य के अलग-अलग थानों में छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, JPSC-JSSC की हाल में आयोजित, रद्द और स्थगित की गई सभी विवादित परीक्षाओं की जांच CBI से कराने और मामले में सभी जवाबदेह पदाधिकारियों की भूमिका की जांच कर गिरफ्तारी करने और आंदोलन के दौरान छात्रों के साथ हिंसा करनेवाले लोगों की अविलंब गिरफ्तारी करने की मांग की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी लंबे समय से इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांग रही थी, लेकिन समय नहीं मिलने पर मुख्य सचिव के माध्यम से मांगें पहुंचाई गई हैं। भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की दिशा में कदम नहीं उठाया गया तो पार्टी प्रदेश भर में आंदोलन शुरू करेगी।
