चतरा: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग के आयुक्त-सह-मतदाता सूची प्रेक्षक विजय कुमार गुप्ता ने बुधवार को चतरा और सिमरिया विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने  विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

चतरा परिसदन पहुंचने पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके उपरांत परिसदन सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में SIR-2026 को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और सभी दलों से नियुक्त BLA-2 को सहयोग करने का आग्रह किया गया।

निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने कान्हाचट्टी प्रखंड के बकचुमा पंचायत स्थित मतदान केंद्र संख्या 496 (बकचुमा पूर्वी), 497 (कोशमाडीह) और 498 (बकचुमा पश्चिमी) का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कान्हाचट्टी और सिमरिया प्रखंड कार्यालय में चल रहे दावा-आपत्ति शिविर का निरीक्षण किया और पदाधिकारियों को सभी कार्य समय-सीमा में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए। बीएलओ अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें और मतदाताओं को हर संभव सहयोग दें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल सहित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!