रांची: डुमरी विधायक जयराम महतो और धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के बीच विवाद में अब झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन भी खुलकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के समर्थन में आ गया है। पुलिस एसोसिएशन की ओर से दिए गए पांच दिन के अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के बीच मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष करण सिंह ने कहा कि संगठन पूरी तरह पुलिस एसोसिएशन के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन में भी सहयोग करेगा।
करण सिंह ने कहा कि यदि झारखंड पुलिस एसोसिएशन राज्यव्यापी आंदोलन का निर्णय लेता है तो मेंस एसोसिएशन के लगभग 70 हजार पुलिसकर्मी उसके साथ रहेंगे। उन्होंने इस पूरे मुद्दे को पुलिसकर्मियों के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा हुआ बताया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन किसी गलत कार्रवाई का समर्थन नहीं करेगा। कानून और संविधान सभी के लिए समान हैं। पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि या आम नागरिक, किसी के भी गलत आचरण की स्थिति में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। जांच में यदि किसी पुलिसकर्मी की गलती सामने आती है तो मेंस एसोसिएशन उसका संरक्षण नहीं करेगा।
मेंस एसोसिएशन अध्यक्ष के अनुसार यह मामला केवल पुलिस और विधायक के बीच विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि एक पीड़ित परिवार की शिकायत से भी जुड़ा है। थाने में इस संबंध में आवेदन दिया गया है और विधायक से जुड़े एक व्यक्ति का नाम आरोपी के रूप में सामने आने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस को बिना किसी दबाव के कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। किसी भी पीड़ित व्यक्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग करने का अधिकार है।
उल्लेखनीय है कि 21 अगस्त की रात बरवाअड्डा थाना प्रभारी को व्हाट्सएप कॉल पर कथित गाली-गलौज और धमकी का आरोप है। इस मामले में बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 146/26 दर्ज किया गया है। पुलिस एसोसिएशन ने विधायक की गिरफ्तारी और सार्वजनिक माफी की मांग की है। पांच दिन का अल्टीमेटम पूरा होने के बाद अब पुलिस संगठनों की अगली रणनीति पर सभी की नजर है।
