रांची: मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। विभाग ने इन इलाकों में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी दी है, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रांची में भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश के भी आसार हैं। रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं पलामू और गढ़वा में अधिकतम 30 डिग्री, लोहरदगा में 29 डिग्री और लातेहार में 26 डिग्री तक तापमान रह सकता है। 

विभाग के मुताबिक अगले 3-4 दिनों तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। 3 सितंबर को भी गरज के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात का अलर्ट है। 4 से 7 सितंबर तक आंशिक बादल और कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। 

तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव और आवागमन में दिक्कत हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को पानी भरे रास्तों से बचने और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे न खड़े होने की अपील की है।

By Admin

error: Content is protected !!