रामगढ़: पतरातू प्रखंड अंतर्गत सुदी गांव के पारगढ़ा में एक मां और दो बेटों की संदेहास्पद मौत से हड़कंप सा मच गया है। 24 घंटे के अंदर एक के बाद एक हुई मौतों से गांव में मातम पसरा हुआ है। जबकि मौत के वास्तविक कारणों की अबतक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मिली जानकारी के अनुसार पारगढ़ा निवासी शंकर बेदिया की पत्नी सुनीता देवी और दो पुत्र रामकिशुन बेदिया (15 वर्ष) और साहिल बेदिया (12 वर्ष) की तबीयत बुधवार को गंभीर रूप से बिगड़ गई। आनन-फानन में तीनों को भुरकुंडा के एक निजी क्लीनिक लाया गया। जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया। रामगढ़ जाने के क्रम में पहले रामकिशुन बेदिया ने दम तोड़ दिया। तकरीबन 15-20 मिनट के अंतराल पर साहिल बेदिया की भी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर सुनीता देवी को रिम्स रेफर कर दिया गया। सुनीता देवी को गंभीर स्थिति में भर्ती कराया गया। इधर, गुरुवार को दोनों पुत्रों का गांव में दास संस्कार किया गया। वहीं रिम्स में इलाजरत सुनीता देवी की भी मौत हो गई ।
