रांची: HEC बाईपास क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब रेलवे की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने प्रशासन की टीम जेसीबी लेकर पहुंची। बिरसा चौक से सेल सैटेलाइट चौक तक चल रही कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया।
जाम का असर बिरसा चौक से लेकर डीसी के घोड़ा चौक और हरमू की ओर जाने वाले रास्ते पर पड़ा। डीपीएस स्कूल के पास पेट्रोल पंप के समीप गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई।
मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि वे यहां 20-25 सालों से रह रहे हैं और छोटे-छोटे होटल, राशन दुकान चलाकर परिवार पाल रहे हैं। अचानक हटाए जाने से उनके सामने बेघर होने की नौबत आ जाएगी। उन्होंने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सड़क किनारे 20 से अधिक झोपड़ीनुमा मकान बने हुए हैं। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच वार्ता जारी थी।
