17 सितंबर को सजा पर होगी सुनवाई
रांची: ओरमांझी थाना क्षेत्र के गुंजा देवनजारा गांव में वर्ष 2023 में हुए ट्रिपल मर्डर केस में अदालत ने फैसला सुनाया है। अपर न्याययुक्त अरविंद कुमार की अदालत ने एक महिला समेत 11 आरोपियों को दोषी करार दिया है। सजा के बिंदु पर सुनवाई 17 सितंबर को होगी। दोषियों में सहजनाथ बेदिया, राजो देवी, संजीत बेदिया, रंजीत बेदिया, हेमंत बेदिया, महेंद्र बेदिया, पंचिंत बेदिया, कामेश्वर बेदिया, बेदिया बेदिया, अनुज बेदिया और सूकरा मुंडा शामिल हैं।
जानें क्या है मामला
यह घटना 31 अगस्त 2023 की है। पुलिस के अनुसार, झामेश्वर बेदिया के खेत में लगी मकई की फसल को सूअर ने नुकसान पहुंचाया था। इसी बात को लेकर झामेश्वर और सहजनाथ बेदिया के परिवार में विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद सहजनाथ बेदिया अपने परिवार के साथ हथियारों से लैस होकर झामेश्वर के घर पहुंचा और कुदाल, चापड़ और दबली से हमला कर दिया। हमले में झामेश्वर बेदिया और उसकी दोनों पत्नियां सरिता देवी और संजू देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
