बरकाकाना (रामगढ़): सृष्टि के शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की पूजा गुरुवार को बरकाकाना सहित आसपास के क्षेत्र में भक्तिभाव से की गई। जगह-जगह भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

अवसर पर केंद्रीय कार्यशाला बरकाकाना के परिसर में 10 से अधिक विभागों के द्वारा विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। आकर्षक पंडाल और मनमोहक विद्युत सज्जा के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग परिवार समेत केंद्रीय कार्यशाला पहुंचे और भगवान विश्वकर्मा का दर्शन कर मंगलकामना की। केंद्रीय कार्यशाला के मेन गेट के निकट मेले का माहौल रहा। छोटे-छोटे झूलों के अलावा खेल-खिलौनों और खाने-पीने की दुकानें सजी रही।

वहीं बरकाकाना रेलवे के विभिन्न विभागों में भी भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई। इसके अलावा लौह कार्य से संबंधित प्रतिष्ठानों में भी पूजा हुई। इस दौरान क्षेत्र भक्तिगीतों से सराबोर रहा और श्रद्धा बाबा विश्वकर्मा की भक्ति में रमे रहे।
