भुरकुंडा (रामगढ़): सौंदा ‘डी’ कोलियरी में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ की गई। अवसर पर सौंदा ‘डी’ सीसीएल वर्कशॉप, जल संसाधन विभाग और बजार स्टैंड में आकर्षक पंडाल बनाकर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की गई।जहां पूजा समितियों द्वारा विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। पूजा को लेकर पंडालों और आसपास के क्षेत्रों को रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया।
शाम होते ही आकर्षक विद्युत सज्जा से पूरा परिसर जगमगा उठा।भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। लोगों ने पंडाल पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, पूजा को लेकर क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। पूजा के आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
