उनका संघर्ष और समर्पण हमेशा रहेगा प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री 

रांची/गिरिडीह: झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के बारहवीं पर श्राद्धकर्म में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल रहे। गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित उत्सव उपवन में आयोजित श्राद्ध सभा में उन्होंने दिवंगत मंत्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू का जाना झामुमो और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि वे भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वे हमेशा याद किए जाएंगे। सोनू जी के भीतर समाज और राज्य के लिए काम करने का जुनून था, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। अभी भी मन यह मानने को तैयार नहीं है कि वे हमारे बीच नहीं हैं।

गौरतलब है कि सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर की देर रात हार्ट अटैक से निधन हो गया था। रात करीब दो बजे सीने में दर्द के बाद उन्हें मर्सी अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वे 56 वर्ष के थे। उनके पास नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग थे। राज्य सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कराया था।

श्राद्धकर्म को लेकर उत्सव उपवन में चार बड़े पंडाल बनाए गए हैं, जिनमें दो पंडालों में ढाई हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर लोगों के प्रवेश के लिए तीन गेट और छह पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।

कार्यक्रम में गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपक बिरुआ, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई विधायक, सांसद और बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।