महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल
धनबाद: पूर्व मध्य रेल मंडल महिला कल्याण संगठन ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल करते हुएबुधवार को धनबाद रेलवे ऑडिटोरियम परिसर में संगिनी कौशल केंद्र की शुरुआत की। केंद्र का विधिवत उद्घाटन संगठन की अध्यक्ष प्रिया मिश्र ने किया।
उद्घाटन के मौके पर प्रिया मिश्र ने कहा कि हर महिला, सशक्त महिला की सोच के साथ यह केंद्र शुरू किया गया है। महिला कल्याण संगठन पहले से ही महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए कई कार्यक्रम चला रहा है और संगिनी कौशल केंद्र उसी कड़ी का एक अहम हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र में महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई, कंप्यूटर, ब्यूटीशियन समेत कई तरह के कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें। कार्यक्रम में संगठन की उपाध्यक्ष मृणालिनी, अल्पना झा, सचिव मीनाक्षी, सीमा समेत कई सदस्य मौजूद रहीं।
