पूजा पंडालों में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन कर मंगलकामना की

भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा क्षेत्र में गुरुवार को सृष्टि के शिल्पकार बाबा विश्वकर्मा की पूजा हर्षोल्लास से संपन्न हुई। अवसर पर भुरकुंडा में सीसीएल के सिविल वर्क शॉप, बांसगड़ा भूमिगत खदान, जल संसाधन विभाग, आदर्श क्षेत्रीय चिकित्सालय सहित क्षेत्र में लौह कार्य और वाहनों से संबंधित प्रतिष्ठानों में भव्य रूप से भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की गई।

पूजा को लेकर जगह-जगह भव्य पूजा पंडाल बनाए गए और रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा और तोरण द्वारों से सजाया गया। पंडाल में भगवान विश्वकर्मा की आकर्षक प्रतिमाओं को स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गई।

इस दौरान क्षेत्र भक्ति गीतों से गूंजायमान रहा। वहीं पंडालों में देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भगवान विश्वकर्मा का दर्शन कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की। अवसर पर क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों और कल-कारखानों में भी पूजा-अर्चना कर मंगलकामना की गई।