रांची/बोकारो: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डीवीसी आवासीय कॉलोनी में गुरुवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि गोली लगने से उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमी पल्ली मुहल्ले में नरेश सिन्हा (66 वर्ष) के आवास में घुसकर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिससे नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका पुत्र रोहित सिन्हा गोली लगने से घायल हो गया है। उसे गंभीर हालत में बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया है। वहीं घटना को अंजाम देकर अपराधी भाग निकले।

वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच पड़ताल चल रही है।  हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। वहीं डबल मर्डर से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। विधि-व्यवस्था सवालों में घिरती दिख रही है।