रांची: राजधानी समेत पूरे झारखंड में अगले छह दिन मौसम का रुख बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 सितंबर से 23 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश होगी। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं तेज बौछारों के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

विभाग के अनुसार गुरुवार 18 सितंबर को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। 19 से 21 सितंबर के बीच भी रांची समेत संताल, कोल्हान और पलामू के कई जिलों में बादल और बारिश का दौर जारी रहेगा।

लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलजमाव और ग्रामीण सड़कों पर फिसलन की स्थिति बन सकती है। विभाग ने किसानों और खुले में काम करने वाले मजदूरों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। वज्रपात के दौरान पेड़, बिजली पोल और खुले खेतों से दूर रहने को कहा गया है।