• उपस्थिती पंजी में मिली हेराफेरी, वेतन पर रोक का आदेश 

• शिक्षा मंत्रालय से की जाएगी प्राचार्य की शिकायत 

रामगढ़: अभिभावकों से मिली शिकायतों पर उपायुक्त ऋतुराज ने शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय पतरातू का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में शैक्षणिक, आवासीय और चिकित्सीय व्यवस्थाओं में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी के अनुसार कई शिक्षक स्कूल में मौजूद नहीं मिले, जबकि प्राचार्य द्वारा आगामी दिनों की उपस्थिति पहले से दर्ज करने का मामला भी पकड़ा गया। मेडिकल सेंटर में स्टाफ नर्स उपस्थिति दर्ज कर गायब मिले। साथ ही स्टॉक पंजी भी अपडेट नहीं मिली।

वहीं खेल शिक्षक अनुपस्थित रहे। खेल कक्ष में उपकरणों की पाई गई और छात्र बांस से बने गोल पोस्ट से खेलने को मजबूर मिले। मेस और हॉस्टल में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली, कई शौचालयों में पानी नहीं था। फाउंटेन का निर्माण कार्य पिछले छह माह से बंद पाया गया। पुस्तकालय में बुक इश्यू रजिस्टर भी व्यवस्थित नहीं था। कई शिक्षक जींस-टी-शर्ट में ड्यूटी पर मिले।

उपायुक्त ने छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता सुधारने, रात में पढ़ाई की सुविधा और बेहतर मेडिकल सुविधा की मांग रखी। डीसी ने करियर और बोर्ड परीक्षा को लेकर छात्रों का मार्गदर्शन भी किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने, 15 दिनों में व्यवस्था सुधारने, प्राचार्य व संबंधित शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाने और प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिक्षा मंत्रालय को पत्र भेजने का निर्देश दिया है।