रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटों (भुइयांडीह) के विद्यार्थियों ने शनिवार को आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली। बैनर और हाथों में तख्तियां लिए छात्र-छात्राओं ने प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने भी प्रभात फेरी में सहभागिता की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशामुक्त एवं जागरूक युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने नशे को व्यक्ति, परिवार और समाज की प्रगति में बाधक बताते हुए सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। प्रभात फेरी में स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी शामिल रहे।
