रांची: झारखंड की पूर्व मंत्री एवं सिमडेगा की पूर्व विधायक विमला प्रधान के निधन से राज्य के राजनीतिक गलियारे में शोक का माहौल है। शनिवार को रांची के लोअर करमटोली स्थित उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दिवंगत नेत्री के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।

विमला प्रधान के सामाजिक योगदान को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिमडेगा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और राज्य में महिला एवं बाल विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही। सार्वजनिक जीवन में जनता के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने मरांग बुरु से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और समर्थकों व परिवारजनों को यह अपूरणीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

उल्लेखनीय है कि 69 वर्षीया विमला प्रधान ने शुक्रवार देर रात रांची के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वर्ष 2009 से 2019 तक सिमडेगा सीट का प्रतिनिधित्व करने वालीं विमला प्रधान ने पर्यटन और समाज कल्याण मंत्री के रूप में कई उल्लेखनीय कार्य किए थे। उनके देहावसान से झारखंड की राजनीति ने एक निष्ठावान और जनप्रिय नेतृत्व खो दिया है।