धनबाद: रेल मंडल धनबाद में शुक्रवार और शनिवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। दिन-रात चले इस सुनियोजित अभियान में 456 यात्रियों को बिना टिकट और बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करते पकड़ा गया। बताया कि पकड़े गए यात्रियों में बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले और बिना बुक किए सामान लेकर चलने वाले यात्री शामिल थे। उनसे 3,35,580 रुपये जुर्माना के रूप में वसूले गए।
अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच की गई। सभी पकड़े गए यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने की हिदायत दी गई। वहीं रेलवे की ओर से बताया गया कि टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ भी देखी गई।
