रामगढ़: पुलिस अधीक्षक रामगढ़ मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को बरलंगा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, हाजत, मालखाना, सिरिस्ता सहित सभी शाखाओं का जायजा लिया और अभिलेखों की गहन जांच की। एसपी ने थाना में दर्ज लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार, कुर्की-जब्ती और गैर जमानती वारंटों की समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही फरार वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैंक, एटीएम और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी और सघन गश्ती करने का निर्देश दिया। कहा कि थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी, अवैध कारोबार और नशाखोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। वहीं आगामी करमा पर्व को लेकर एसपी ने विधि-व्यवस्था संधारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से तैयारी की जाए।

एसपी ने थाना के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को जनता के साथ शालीन व्यवहार करने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।