रांची: सूखे और उमस से झुलस रहे झारखंडवासियों के लिए राहत की खबर है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन राज्य के मौसम पर अपना असर दिखाना शुरू कर चुका है। कई इलाकों में मंगलवार देर रात से तेज हवाओं के साथ बारिश ने लोगों को करवटें बदलने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे रफ्तार से हवाओं की चेतावनी जारी की है।
विभाग के अनुसार डीप डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में खिसक रहा है और 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश व दक्षिण ओडिशा के तटवर्ती इलाकों के बीच से गुजरने की संभावना है। इसी सिस्टम के चलते राज्य में 23 से 25 सितंबर तक बरसात का सिलसिला बना रहेगा।
बुधवार को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर व जामताड़ा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम गुरुवार को सबसे ज्यादा गतिशील दक्षिण-पश्चिमी झारखंड में रहेगा। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। रांची, गुमला और खूंटी में भी इसका असर दिखेगा। इसी दिन पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।
शुक्रवार को बारिश का केंद्र उत्तर-पश्चिमी झारखंड और सटे उत्तर-मध्य भाग में रहेगा। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में कुछ स्थानों पर तेज बरसात का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है।
