सीसीएल की टीम ने लिया जायजा, भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद
भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा कोयलांचल के आठ पंचायतों में पेयजल संकट अब जल्द खत्म होने की उम्मीद है। सांसद मनीष जायसवाल की पहल पर बुधवार को सीसीएल रांची मुख्यालय की टीम ने भुरकुंडा पहुंचकर जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया।
सीसीएल रांची मुख्यालय से जीएम सिविल शंकर सिद्धार्थ लाल और जीएम ईएंडएम अरुण पंजियार के नेतृत्व में टीम भुरकुंडा पहुंची। निरीक्षण में उनके साथ बड़का-सयाल क्षेत्र के एसओ (ईएंडएम), प्रोजेक्ट इंजीनियर सिविल, प्रोजेक्ट इंजीनियर ईएंडएम समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने भुरकुंडा दोमुहान के समीप जलापूर्ति स्थल और बड़का-सयाल क्षेत्र में जलापूर्ति से जुड़े अन्य बिंदुओं का जायजा लिया। इस दौरान भुरकुंडा सांसद प्रतिनिधि सतीश मोहन मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मुलाकात कर जल संकट की पूरी जानकारी दी और शीघ्र समाधान की मांग की। जिसपर सीसीएल के अधिकारियों ने जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया।
बताया जाता है कि सांसद ने पेयजल आपूर्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बरका-सयाल जीएम और सीसीएल सीएमडी से बात की थी। सीएमडी के निर्देश पर मुख्यालय की टीम ने निरीक्षण कर समस्या का जायजा लिया है।
मौके पर दूरसंचार सांसद प्रतिनिधि योगेश दांगी, वरिष्ठ भाजपा नेता जुगल नायक, मंडल महामंत्री ज्योति सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष राजन पांडेय, पूर्व महामंत्री महेंद्र सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे।
