रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। 24 सितंबर को रांची समेत कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के बीच मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच जलप्रपातों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने भी पर्यटकों को सुरक्षा चेतावनी जारी की है।
जोन्हा, हुंडरू, दशम, सीता और रिमिक्स फॉल समेत प्रमुख जलप्रपातों में तेज जलधारा के कारण खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से इनके आसपास जाने और पानी के करीब पहुंचने से बचने की अपील की है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रांची में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव के साथ नदियों और जलप्रपातों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। सड़कों पर पानी और कम दृश्यता से आवागमन भी प्रभावित होने की संभावना है।
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। साथ ही जरूरी न होने पर आज लंबी यात्रा और जलप्रपात वाले पर्यटन क्षेत्रों की यात्रा टालने की अपील की गई है। अत्यधिक बारिश के दौरान डैम में बोटिंग से भी बचने को कहा गया है।
