चतरा: फर्जी नारकोटिक्स टीम बनकर बस यात्रियों से 31.90 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल थार वाहन और 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार शाम समाहरणालय स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर की सुबह चतरा से गया जा रही स्टारफिश बस को तरबनवा के पास थार सवार अपराधियों ने रोका था। खुद को नारकोटिक्स विभाग का कर्मचारी बताकर दो यात्रियों को बस से उतारा और बंदूक के बल पर उनसे 31.90 लाख रुपये व दो मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद मुरैनवा टोल प्लाजा के पास दोनों को उतार दिया गया।

इस संबंध में पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के बरवाडीह निवासी ललन कुमार की शिकायत पर वशिष्ठ नगर जोरी थाना में कांड संख्या 131/2026 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनिमेष नैथानी ने एसआईटी का गठन किया।

तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले कटैया जंगल से रंगू कुमार उर्फ अनुज यादव और अभिषेक कुमार को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर कंगुरुवा जंगल से प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार रंगू के पास से 30 हजार, अभिषेक से 20 हजार और प्रिंस से 20 हजार रुपये बरामद हुए हैं। वारदात में इस्तेमाल काले रंग की थार (जेएच 02 बीके 0166) भी जब्त की गई है, जो अविनाश कुमार की है। गिरफ्तार रंगू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, वह पहले लूट और हत्या के मामले में जेल जा चुका है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस मुख्य आरोपी बिट्टू शर्मा समेत अन्य की तलाश में छापेमारी कर रही है। एसआईटी में वशिष्ठ नगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह, एसआई शिवा यादव, तकनीकी शाखा के आरक्षी वीरेंद्र यादव समेत अन्य जवान शामिल थे।