ऑपरेशन भरोसा: 3 माह में 245 गुम मोबाइल हुए बरामद 

रामगढ़ : पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन भरोसा के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तीसरे चरण में कुल 61 गुम हुए मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा दिया गया है।

पुलिस  के अनुसार विगत तीन माह में अबतक इस अभियान के तहत कुल 245 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द किया जा चुका है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को गुम मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा एवं सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाकर मोबाइल बरामद करने का निर्देश दिया था। इसी निर्देश के आलोक में सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।

पतरातू थाना क्षेत्र के सर्वाधिक 10 मोबाइल बरामद 

इस दौरान रामगढ़ जिला के अलावा रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा एवं अन्य जिलों से कुल 61 मोबाइल बरामद किए गए। रामगढ़ पुलिस द्वारा जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। थाना वार बरामदगी में रामगढ़ थाना क्षेत्र के 7, राजरप्पा थाना क्षेत्र के 7, पतरातू थाना क्षेत्र के 10, भांडू थाना क्षेत्र के 4, गोला थाना क्षेत्र के 5, भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के 7, बरकाकाना ओपी क्षेत्र के 5, बासल थाना क्षेत्र के 1, बरलंगा थाना क्षेत्र के 3, कुजू ओपी क्षेत्र के 5, वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के 3 और भदानीनगर ओपी क्षेत्र के 4 मोबाइल बरामद किए गए हैं।

तीन चरणों में कुल 245 गुम मोबाइल बरामद 

उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन भरोसा के प्रथम चरण में 125, द्वितीय चरण में 59 और तृतीय चरण में 61 मोबाइल सहित कुल 245 मोबाइल अबतक बरामद किए जा चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित लोगों को सीईआईआर पोर्टल के उपयोग एवं गुम मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई और सभी से अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इस बारे में जागरूक करने की अपील की गई।

अवसर पर मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। रामगढ़ पुलिस की ओर से कहा गया कि आमजनों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी तथा जनविश्वास को सुदृढ़ करने के लिए इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।