पंडित दीनदयाल का अंत्योदय सिद्धांत ही हमारी प्रेरणा : आदित्य साहू

रांची: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री संगठन कर्मवीर सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक सीपी सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि पंडित जी का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का सिद्धांत ही भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का मूल मंत्र है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे, यही अंत्योदय की परिकल्पना है और इसी विचार को लेकर भाजपा निरंतर कार्य कर रही है।

इसके उपरांत रांची के दीनदयाल नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान विधायक सीपी सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का दर्शन दिया, जिसका मूल है हर हाथ को काम और हर खेत को पानी। उनका जीवन राष्ट्र सेवा और समाज के वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा।

वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उन्हीं के बताए मार्ग पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब कल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।