रांची: झारखंड में बारिश की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कम होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का जोर घटेगा, जबकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। कुछ स्थानों पर बादल छाने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 29 और न्यूनतम 21 डिग्री रहने का अनुमान है। मंगलवार और बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 30 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग में बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं और तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। चतरा, कोडरमा, गिरिडीह और धनबाद में कहीं-कहीं हल्की बारिश तथा गरज-चमक हो सकती है।

पलामू, गढ़वा और लातेहार में बारिश घटने के साथ गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश का दौर बना रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में फिलहाल व्यापक और लगातार भारी बारिश की संभावना कम है। बारिश की गतिविधियां घटने के साथ दिन का तापमान बढ़ेगा और कई इलाकों में उमस महसूस हो सकती है।