मांडर/रांची: मांडर प्रखंड के गोरे गांव में खान ब्रदर्स गोरे फुटबॉल महाकुंभ सीजन-4 शुरू हुआ। बतौर मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और नगड़ा पंचायत के मुखिया बहादुर उरांव ने फीता काटकर और गेंद को किक मारकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मैदान में मौजूद रहे।

पहले दिन तीन मुकाबले हुए। पहले मैच में ड्रैगन बूट फुटबॉल क्लब ब्रांबे ने लिटिल स्टार रांची को हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में PMP परहेपाट ने NYC कटचाचो को शिकस्त दी। इसके बाद तीसरे मुकाबले में PMP परहेपाट ने ड्रैगन बूट ब्रांबे को हराया। इस तरह PMP परहेपाट ने पहले दिन अपने दोनों मुकाबले जीतकर बढ़त बनाई।
उद्घाटन के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देते हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और टीम भावना मजबूत करता है।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण फुटबॉल प्रतिभाओं को अवसर देना और युवाओं को खेल से जोड़ना है। अगले मुकाबलों को लेकर भी खेलप्रेमियों में उत्साह है।
मौके पर लोयो पंचायत के मुखिया मंगरा उरांव, खान ब्रदर्स के पदाधिकारी राशिद खान, वाजिद खान, खालिद खान, साजिद खान, बेला खान, अफजल खान, सैबू खान समेत कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
