किराए के मकान में चल रहा था अवैध कारोबार, मकान मालिक गिरफ्तार

हजारीबाग: उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर दारू प्रखंड के हरली गांव में छापेमारी कर एक मकान से 2198 लीटर (251 पेटी) नकली विदेशी शराब बरामद किया। मामले में मुख्य अभियुक्त फरार बताया जाता है। जबकि मकान मालिक को हिरासत में ले लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग ने हरली गांव निवासी लक्ष्मण प्रसाद के घर छापेमारी कर 2198 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की। जांच में पाया गया है लक्ष्मण प्रसाद के मकान को किराए पर लेकर दारू प्रखंड के ही श्रवण सुंडी और धनेश्वर महतो नामक दो व्यक्ति यह अवैध कारोबार कर रहे थे। छापेमारी के दौरान दोनों फरार पाए गए।

मामले में मकान मालिक लक्ष्मण प्रसाद को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब में रॉयल चैलेंज, रॉयल मेंशन गोल्ड, पाब्लो, ओल्ड मॉन्क, ऑफिसर चॉइस और रॉयल स्टैग ब्रांड की पेटियां शामिल हैं। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छापेमारी अभियान में सहायक उत्पाद आयुक्त के नेतृत्व में कुलदीप कुमार एवं अभिषेक कुमार सहित उत्पाद विभाग की टीम शामिल रही।